इंदौर: गोपाल मंदिर के पीछे देर रात लगी आग ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. संकरी गलियों के बीच दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर लपटों को फैलने से रोका और आसपास की दुकानें सुरक्षित बचा लीं.राजबाड़ा क्षेत्र में मंगलवार देर रात गोपाल मंदिर के पीछे स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान में आग भड़क उठी. सूचना मिलते ही मोती तबेला फायर स्टेशन से एसआई संतोष दुबे की टीम मौके पर पहुँची.
घनी और संकरी गली होने से दमकल वाहन दुकान तक नहीं पहुँच सका, इसलिए वाहन को लगभग 200 मीटर दूर खड़ा कर पाइप लाइन बिछाई गई. टीम ने करीब 5 हजार लीटर पानी का उपयोग करते हुए लगभग एक घंटे की मशक्कत में आग पर काबू पाया. लपटों की तीव्रता के कारण दुकान का शटर तोड़ना पड़ा. आग से कॉस्मेटिक सहित दुकान का पूरा सामान जल गया. दुकान प्रहलाद पिता लरपसिंह और सूरज पिता विजय के नाम से संचालित बताई जाती है. पुलिस और स्थानीय व्यापारी भी मौके पर मौजूद रहे. दमकलकर्मियों ने समय रहते आग बुझाकर पास की अन्य दुकानों को जलने से बचा लिया.
