
गुना। राघौगढ़ में भाजपा संगठन के भीतर चल रही खामोश कलह अब खुलकर सामने आ गई है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष हीरेंद्र सिंह ‘बंटी बना’ की दो सोशल मीडिया पोस्टों ने सोमवार रात राजनीतिक गलियारों में भूचाल ला दिया।
पहली पोस्ट में उन्होंने तीखे शब्दों में लिखा,राघौगढ़ में पूरी भाजपा गिरवी रखी हुई है और सब कुछ जानते हुए भी संगठन मौन है। इस बयान से स्पष्ट है कि वे स्थानीय नेतृत्व और संगठनात्मक कार्यप्रणाली से नाराज़ हैं।
कुछ ही देर बाद उनकी दूसरी पोस्ट सामने आई, जिसमें उन्होंने लिखा मुझे मारना या मुझ पर हमला करना नामुमकिन है, वंश ही मिटा दूंगा। जिनकी दम पर कूद रहे हो, वे भी सुन लें और समझ लें।”
इस चेतावनी भरे लहजे ने राजनीतिक माहौल को और अधिक गर्मा दिया।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, हीरेंद्र सिंह 2023 के विधानसभा चुनाव में राघौगढ़ से भाजपा प्रत्याशी रहे थे, लेकिन कांग्रेस के जयवर्धन सिंह से करीब 4,500 वोटों से पराजित हो गए थे। भाजपा में आने से पहले वे दिग्विजय सिंह खेमे से जुड़े माने जाते थे।
बताया जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व इस विवादित पोस्ट के बाद स्थिति का आकलन कर रहा है, हालांकि फिलहाल संगठन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पार्टी के भीतर इस घटनाक्रम को असंतोष की खुली अभिव्यक्ति माना जा रहा है, जिसने राघौगढ़ की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
