
भोपाल। शहर में गणगौर पर्व के अवसर पर पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ गणगौर यात्रा निकाली गई। यह यात्रा 12 नंबर चौराहे से प्रारंभ होकर पूरे बाजार क्षेत्र में भ्रमण करती हुई 10 नंबर क्षेत्र में जाकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी नजर आईं और भगवान शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना करते हुए गीत-भजन गाती रहीं। बाजारों में यात्रा के स्वागत के लिए विशेष सजावट की गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।
स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।
