दतिया: दतिया विधानसभा उपचुनाव फिलहाल शांति के दौर से गुजर रहा है। उपचुनाव में डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने के बाद नाराज हुए उनके समर्थक कार्यकर्ता अब पूरी तरह से शांत नजर आ रहे हैं। हालांकि कांग्रेस का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ताओं की यह खामोशी कहर ढा सकती है। भाजपा विचारधारा की जीत का संदेश हर कार्यकर्ता तक पहुंचा रही है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने दतिया में चुनावी बैठक को संबोधित किया। डॉ. महेंद्र सिंह ने अपील की कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को साकार करने भाजपा को विजयी बनाएं। बूथ को जिम्मेदारी मानकर कार्यकर्ता योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। हर कार्यकर्ता अपना बूथ भारी मतों से जीतने का लक्ष्य लेकर चुनाव कार्य में जुटे। हालांकि नरोत्तम मिश्रा के समर्थक कार्यकर्ताओं की निराशा ऐसी नसीहतों से कितनी दूर हो पाती है यह देखने वाली बात होगी।
