सीहोर। गुरु पूर्णिमा पखवाड़े पर कन्या शिक्षा परिसर में सूर्या फाउंडेशन के तत्वावधान में एक पेड़ गुरु के नाम कार्यक्रम का प्राकृतिक परिवेश में आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. विनीत गाबा द्वारा पौधा रोपण कर किया गया.प्राचार्या ने कहा कि गुरु हमें अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं, ठीक उसी प्रकार वृक्ष भी हमें स्वच्छ वायु, शीतल छाया और जीवन देकर हमारी रक्षा करते हैं. आज हम अपने गुरु को समर्पित एक-एक पौधा लगाकर प्रकृति और गुरु दोनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं. छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे अपने गुरु के नाम पर लगाए गए प्रत्येक पौधे को पालेंगी और उसकी सुरक्षा करेंगी.
