
सिंगरौली । जनपद पंचायत देवसर की ग्राम पंचायत नौढ़िया अंतर्गत ग्राम खोभा में लंबे समय से बंद पड़ा सार्वजनिक मार्ग आखिरकार आपसी सहमति और पंचायत की पहल से दोबारा खोल दिया गया।
सहुआर सड़क को खोभा बस्ती से जोड़ने वाला यह मार्ग वर्षों से विवाद के कारण बंद था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। सरपंच राजमणि प्रजापति ने सभी पक्षों से लगातार संवाद कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में विवाद का समाधान कराया। मार्ग बहाल होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि अब बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों को आवागमन के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे समय और श्रम दोनों की बचत होगी तथा गांव की दैनिक गतिविधियां सुगम होंगी। इस दौरान पंचायत सचिव अनिल पाण्डेय, वार्ड पंच फैज मोहम्मद, सीमावर्ती पट्टेदार मोहम्मद यूनुस, मोहम्मद रहीम, मोहम्मद गुलजार एवं जैनुल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
