
खंडवा। सिहाड़ा गांव में शनिवार को जीजा ने साले का मर्डर कर दिया था। पुलिस ने उसे खंडवा के गाड़ी अड्डा क्षेत्र में रेल पटरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। संभवत: वह खंडवा रेल स्टेशन जाकर दूर भगाने की फिराक में था।
इससे पहले ही लोगों ने पुलिस को बता दिया कि आरोपी महेंद्र उर्फ गणेश पिता सुनील शिंदे कहां घूम रहा है? बिना देर किए पुलिस ने भी घेराबंदी करके उसे पकड़ लिया।
आपको बता दें कि मोघट थाना क्षेत्र के इस गांव में जीजा ने ट्राईसाईकिल पर बैठे दिव्यांग साले की गर्दन और उसके नीचे चाकू से गोदकर आनस्पॉट हत्या कर दी थी। पारिवारिक विवाद के कारण यह हत्या हुई थी। मृतक दिव्यांग मनीष चांगरे की पत्नी ममता ने मामला दर्ज कराया है।
ट्राईसाईकिल पर बैठा था मृतक मनीष
ममता ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के बाहर बैठी थी। उसका पति मनीष पिता राजू चांगरे जो दिव्यांग है, वह घर के बाहर दिव्यांग सायकल पर बैठे थे। तभी पास में रहने वाली उसकी ननद संगीता का पति गणेश शिंदे पिता सुनील शिंदे अपने हाथ में चाकू लेकर आया और पुराने झगड़े की दुश्मनी को लेकर उसके पति मनीष पर जान से मारने की नियत से चाकू से गर्दन, सीने व शरीर पर हमला किया, जिससे पति की मौत हो गई थी। पुलिस ने घटना स्थल निरीक्षण कर एफएसएल टीम की सहायता से घटना स्थल से साक्ष्य संग्रहित किए हैं। आरोपी के फोटो सोशल मीडिया पर एवं अन्य थानों मैं भेजे थे।
खून से सने कपड़े में चाकू जब्त
आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से खंडवा की जेल भेज दिया गया। मथेला के पास रेल पटरी के किनारे की झाड़ियां में उसने चाकू और मर्डर करने के वक्त पहने कपड़े छिपा दिए थे पुलिस इन्हें भी जप्त कर लाई है।
