वेस्टइंडीज ने इटली को 42 रनों से हराया

कोलकाता, 19 फरवरी (वार्ता) शाई होप (75) की आतिशी अर्धशतकीय पारी के बाद शमार जोसेफ (चार विकेट) और मैथ्यू फोर्ड (तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज ने गुरुवार को टी-20 विश्वकप के 37वें मुकाबले में इटली को 42 रनों से शिकस्त दी।

166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली के बल्लेबाज वेस्टइंडीज गेंदबाजी आक्रमण के आगे खुलकर नहीं खेल सके और अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। इटली की पूरी टीम 18 ओवर में 123 रन ही बना सकी और 42 रनों से मुकाबला हार गई। बेंजमिन मनेंटी ने इटली के लिए सर्वाधिक 26 रन बनाये। उनके अलावा जे जे स्मट्स (24), एंथनी मोस्का (19) और ग्रांट स्टुअर्ट 12 रन बनाकर आउट हुये। इटली के सात बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। वेस्टइंडीज के लिए शमार जोसेफ ने चार विकेट लिये। मैथ्यू फोर्ड को तीन और गुडाकेश मोती को दो विकेट मिले। अकील हुसैन ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले इटली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने कप्तान शाई होप की आतिशी अर्धशकीय पारी की मदद से निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 165 रनों का स्कोर खड़ा किया। वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने 31 के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा दिये। ब्रैंडन किंग (चार), शिमरॉन हेटमायर (एक) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद रॉस्टन चेज ने शाई होप के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिये 64 रनों की साझेदारी हुई। 13वें ओवर में बेंजामिन मनेंटी ने रॉस्टन चेज 24 को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। रोवमन पॉवेल (नौ) को 15वें ओवर में मनेंटी ने अपना शिकार बनाया। अगले ही ओवर में कृषण कालूगामगे ने शाई होप को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। शाई होप ने 46 गेंदों में छह चौके और चार छक्के लगाते हुए 75 रनों की पारी खेली। जेसन होल्डर नौ रन बनाकर आउट हुये। शरफेन रदरफोर्ड ने 15 गेंदों में दो चौके और एक छक्का उड़ाते हुए नाबाद 24 रन बनाये। मैथ्यू फोर्ड 16 रन बनाकर नाबाद रहे।

इटली के लिए बेंजामिन मनेंटी और कृषण कालूगामगे ने दो-दो विकेट लिये। थोमस ड्रेका और अली हसन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

छतरपुर में 4 किलो से अधिक गांजा सहित तस्कर गिरफ्तार

Thu Feb 19 , 2026
छतरपुर में नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो से अधिक गांजा सहित एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, थाना सिविल लाइन को रोड पेट्रोलिंग के दौरान पन्ना रोड फोरलेन हाईवे पर गांजा तस्करी की सूचना मिली। पुलिस ने हाईवे किनारे […]

You May Like