पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को जिलेभर में उत्साहपूर्वक सुना गया

धार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 136वां संस्करण रविवार को धार जिले में अत्यंत उत्साह के साथ सुना गया। जिले की तीनों विधानसभाओं—धार, बदनावर और सरदारपुर—में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर हज़ारों की संख्या में एकजुट होकर इस कार्यक्रम को सुना।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री व क्षेत्रीय सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर तथा धार विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने भाजपा जिला कार्यालय बूथ क्रमांक 81 में महिला कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण देखा व सुना।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर व धार विधायक नीना वर्मा ने कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक और राष्ट्र को एक सूत्र में जोड़ने वाला प्रेरणादायी मंच बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार समाज में सेवा, समर्पण, स्वावलंबन और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए नई दिशा एवं ऊर्जा प्रदान करते हैं।

 

पीएम मोदी ने महत्वपूर्ण विषयों पर साझा किए विचार

 

रविवार को प्रसारित इस संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों को संबोधित किया:

शहीदों को नमन: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उन्होंने कारगिल के अमर शहीदों और वीर जवानों के अदम्य साहस को नमन किया। साथ ही दिल्ली से द्रास (कारगिल) तक निकाली जा रही ‘वन राइड, वन नेशन, वन सैल्यूट’ मोटरसाइकिल यात्रा (‘शौर्य विजय यात्रा’) का विशेष उल्लेख किया।

पर्यावरण व जल संरक्षण: प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान और प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने के प्रयासों को बढ़ावा देने पर ज़ोर दिया। उन्होंने आगामी त्योहारों पर मिट्टी के गणेश जी की मूर्तियां अपनाने और प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने का आह्वान किया।

विज्ञान व रक्षा क्षेत्र में प्रगति: देश के युवाओं में बढ़ते वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रक्षा प्रौद्योगिकियों में सफलता (जैसे पिनाका व कुशा मिसाइल परीक्षण) और इंटरनेशनल साइंस ओलंपियाड में भारतीय छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

खेल जगत की उपलब्धियां: खेल के मैदान में पीवी सिंधु और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शानदार उपलब्धियों की तारीफ की।

हर घर तिरंगा अभियान: अंत में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को नमन करते हुए स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रहे उपस्थित

इस अवसर पर भाजपा नगर सेनापति मंडल अध्यक्ष विशाल निगम, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रज्ञा ठाकुर, अल्पना जोशी महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष डाली जाधव, अनुसुईया वैष्णव, सीमा पंडिया, सविता पाटीदार सहित मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने दी।

Next Post

प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम से जुड़े युवाओं से किया वर्चुअल संवाद

Sun Jul 26 , 2026
पिथौरागढ़, 26 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती गांवों का भ्रमण कर चुके माई भारत और कार्यक्रम के युवा वॉलेंटियर्स से वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने सीमावर्ती क्षेत्रों के भ्रमण के अपने अनुभव साझा करते हुए वहां की संस्कृति, […]

You May Like