
सीधी ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में सीधी जिले के जल संरक्षण एवं जनभागीदारी आधारित प्रयासों की सराहना किए जाने पर जिले के जनप्रतिनिधियों ने इसे पूरे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान ने जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है, जिसके परिणाम आज राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहे हैं।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा सीधी जिले के जल संरक्षण मॉडल का उल्लेख किया जाना जिलेवासियों के सामूहिक प्रयासों, किसानों, स्व-सहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जल संरक्षण के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी कार्य करने के लिए सभी को प्रेरित करेगी।
सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि श्मन की बातश् में सीधी जिले का उल्लेख होना प्रत्येक जिलेवासी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के कार्यों से किसानों को सिंचाई सुविधा, ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता तथा महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित हुए हैं। यह मॉडल प्रदेश ही नहीं, देश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायी है।
सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान ने जनसहभागिता को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि जिले में जल संरक्षण के लिए किए गए कार्यों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व की बात है। इससे किसानों की आय, सिंचाई सुविधाओं और जल उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि आदिवासी अंचलों में जल संरक्षण और लिफ्ट सिंचाई जैसी योजनाओं ने किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। प्रधानमंत्री द्वारा सीधी जिले के प्रयासों की सराहना जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहे प्रत्येक व्यक्ति के लिए सम्मान और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में सीधी जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में देश के लिए एक आदर्श मॉडल के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।
