भिंड, 24 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश की भिंड पुलिस ने पांच साल से फरार चल रहे एक कुख्यात इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या, लूट और अपहरण जैसे संगीन मामलों में वांछित ये आरोपी कल भिण्ड रेलवे स्टेशन के पास देहात पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस अधीक्षक डॉ असित यादव ने इस बदमाश की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने आज यहां बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान इमरान खान के रूप में हुई है। उस पर वर्ष 2019 में देहरा गांव में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड में संलिप्त होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार तीन सितंबर 2019 को देहरा गांव निवासी महेश सिंह तोमर (50) की हत्या कर आरोपियों ने शव को खेत में गड्ढे में दबा दिया था। मृतक के बेटे दीपू तोमर की रिपोर्ट पर चार लोगों के खिलाफ हत्या, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इनमें से तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे, जबकि इमरान तब से फरार था। पुलिस के मुताबिक फरारी के दौरान इमरान खान हरियाणा के बहादुरगढ़ और बाद में भोपाल में रहकर कलर और पेंटिंग का काम करता रहा।
पुलिस ने उसके पास से एक 315 बोर का देसी कट्टा और कारतूस भी बरामद किया है।

