
जबलपुर। सेना और नारी शक्ति को लेकर भाजपा नेताओं के आपत्तिजनक बयानों, ताजा हालातों को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। आगामी 31 मई को कांग्रेस की जबलपुर में प्रस्तावित जय हिंद सभा होने वाली है। कार्यक्रम की तैयारियों जोर शोर से चल रही है। सभा को सांसद प्रियंका गांधी संबोधित करेंगी। इसके साथ ही कांग्रेस के दिग्गजों का भी शहर में डेरा हो गया। सभा को कई दिग्गज नेता भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में कांग्रेसी जुट गए है। कार्यक्रम की रूपरेखा बनाने के साथ जिम्मेदारियों को सौंप दी गई है। कांग्रेस में बैठकों का दौर चल रहा है। सभा कहां होगी ये भी फाइनल हो गया है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने बताया कि आगामी 31 मई को प्रस्तावित जय हिंद सभा को सांसद प्रियंका गांधी संबोधित करने आ रही है। सभा शहीद स्मारक गोलबाजार में सुबह 11 बजे होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी सक्रियता एवं समर्पण भाव से आगामी कार्यक्रम को ऐतिहासिक सफलता दिलाने के लिए कार्य करें। युवा कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल समेत सभी को जिम्मेदारियां सौंपी गई है।
ये आएंगे
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, छग के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, एवं राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा का जबलपुर आगमन प्रस्तावित है।
