
जबलपुर। जिला एवं सत्र न्यायालय जबलपुर के वकीलों व पक्षकारों को अब शुद्ध नर्मदा जल पीने को मिलेगा। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने अधिवक्ताओं की मांग पूरी करते हुए इस सुविधा का शुभारंभ किया। इससे पूर्व मुख्य पाइप लाईन अदालत तक बिछवाई गई थी। साथ ही भवन के ऊपर जल पहुंचाने के लिए पानी की टंकी तक फिटिंग व मोटर की व्यवस्था की गई थी।
जिला बार अध्यक्ष मनीष मिश्रा व सचिव ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि महापौर अन्नू की उपस्थिति में पूजन-अर्चन हुआ। महापौर का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इसी भांति भविष्य में अन्य शिकायतें दूर की जाएंगी। इस कार्यक्रम के बाद जिला अधिवक्ता संघ भवन में स्थित एस-वन, जी-वन के बाथरूम का लोकार्पण जिला बार अध्यक्ष मनीष मिश्रा की उपस्थिति में हुआ।
