सतना: मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर रविवार शाम एक सडक़ हादसे में एक महिला की मौत हो गई। परसवाही गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक से गिरी महिला को कुचल दिया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारी गांव निवासी 40 वर्षीय सरोज साकेत पति कमलेश साकेत रविवार को अपने बेटे और बेटी के साथ अमरपाटन बाजार गई थीं।
शाम को बाजार से लौटते समय परसवाही के पास सरोज साकेत चलती बाइक से अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनके पति, बेटे और बेटी इस हादसे में सुरक्षित बच गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
आक्रोशित हुए रहवासी
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।वहीं दूसरी ओर हादसे के बाद मां के शव के पास बैठकर बेटी बिलखती रही।
पुलिस दी समझाइश
अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह पारस्ते पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
