नयी दिल्ली, 21 मार्च (वार्ता) दिल्ली के जामा मस्जिद में शनिवार सुबह ईद-उल-फितर की विशेष नमाज अदा करने के लिए अकीदतमंदों का हुजूम उमड़ पड़ा।
इस ऐतिहासिक मस्जिद और इसके आसपास के इलाकों में उत्सव के परिधानों में सजी भारी भीड़ देखी गई, जहां लोगों ने एक-दूसरे को गले लगकर बधाई दी और रमजान के पवित्र महीने के समापन का उत्सव मनाया।
ईद के अवसर पर शहर भर के परिवारों में खुशी और उत्साह छा गया। भारी भीड़ को देखते हुए, दिल्ली पुलिस ने जामा मस्जिद और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी। सार्वजनिक सुरक्षा और आवाजाही को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
न्यायालय के आदेशों के बाद, उत्तम नगर पूर्व मेट्रो स्टेशन के पास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और अन्य स्थानीय अधिकारियों को त्योहार की अवधि के दौरान सतर्क रहने और उचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली उच्च न्यायालय ने सार्वजनिक सुरक्षा की चिंताओं के बीच पुलिस को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
न्यायालय ने पुलिस से इस संबंध में जवाब मांगा है और कहा है कि 26 मार्च को रामनवमी के त्योहार तक उचित व्यवस्था जारी रहनी चाहिए। इस मामले में अगली सुनवाई 6 अप्रैल को निर्धारित की गई है।
