
अशोकनगर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को ग्वालियर से बेंगलुरु के लिए शुरू की गई नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया। शुभारंभ के अवसर ग्वालियर-गुना-बेंगलुरु एक्सप्रेस ट्रेन के अशोकनगर आगमन पर भव्य स्वागत कार्यक्रम केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मुख्य आतिथ्य में रेलवे स्टेशन पर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि अशोकनगर जिले के लिये एक और ट्रेन की सौगात लेकर आया हूं।अशोकनगर को दक्षिण से जोड़ने के लिये नई रेल सुविधा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वीकृत की है। इस साप्ताहिक ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच होंगे। इसके प्रारंभ होने से ग्वालियर-चंबल संभाग के हजारों हजार लोगों को अब सीधे बैंगलोर पहुंचने के लिये किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। अब ग्वालियर से सीधे बैंगलोर रेल मार्ग से पहुंच सकेंगे। युवाओं के लिये यह विशेष तौर पर तोहफा है। साप्ताहिक ग्वालियर– बैंगलोर रेल सुविधा से आईटी के क्षेत्र में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा। इस ट्रेन की शुरुआत से ग्वालियर-चंबल के युवाओं और नौकरी पेशा लोगों को अपने उद्योग-धंधे और व्यवसाय से सीधे जुड़ने का अवसर प्राप्त होगे। उन्होंने कहा कि मेरे विशेष आग्रह पर यह अनोखी सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
इस अवसर पर खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयास से ग्वालियर-चंबल अंचल में रोजगार, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में भी नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। आज जो क्षेत्र को बेंगलुरू से जोड़ने की सौगात मिली है, उसके लिए प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री का हृदय से आभार। इस अवसर पर चंदेरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी,पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी,नगरपालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया सहित जन प्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।
