
सिंगरौली । जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिमुला फैक्ट्री के सामने शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही बरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान दुर्योधन निवासी बीजपुर-उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कोल वाहनों का चालक था और बरगवां क्षेत्र में कार्यरत था। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक शराब का आदी था, हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। बरगवां निरीक्षक अनिल पटेल के अनुसार कयास लगाए जा रहे हैं कि युवक की मौत शराब के नशे में पानी में गिरने और सांस नहीं ले पाने के कारण हुई होगी। बरगवां पुलिस परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछतांछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई हंै। मृतक की मौत दुर्घटना, अत्यधिक नशे या अन्य किसी कारण से हुई है, इसका खुलासा जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा।
