इंदौर: नगर निगम की चंदन नगर से एयरपोर्ट को जोड़ने वाली प्रस्तावित लिंक रोड की योजना को लेकर आईं आपत्तियों पर कलेक्टर ने कलेक्टर कार्यालय में शुक्रवार को सुनवाई की. सुनवाई भूमि उपांतरण समिति के सामने की गईं, सुनवाई के दौरान कलेक्टर ने समिति से अनुशंसा कर संचालक नगर एवं ग्राम निवेश भोपाल को भेजने को कहा है.
कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में भूमि उपांतरण समिति की बैठक हुई. बैठक में चंदन नगर से नगीन नगर होते हुए नंदन नगर एयरपोर्ट तक प्रस्तावित लिंक रोड़ निर्माण के आपत्तिकर्ताओं के सामने सुनवाई की गई. बैठक में कलेक्टर ने आपत्तिकर्ताओं की आपत्तियों को गंभीरता से सुना. इस दौरान कलेक्टर वर्मा ने आपत्तिकर्ताओं से कहा कि उनकी आपत्तियों को समिति की अनुशंसा के साथ आगामी कार्रवाई के लिए संचालक नगर एवं ग्राम निवेश भोपाल को भेजा जाएगा.
212 आपत्ति/सुझाव प्राप्त हुए
उक्त लिंक रोड निर्माण के संबंध में 4 अक्टूबर तक आपत्तियां आमंत्रित की गईं थी. निर्धारित तारीख तक कुल 212 आपत्ति/सुझाव प्राप्त हुए. आपत्तियों को आठ समूह में बांटा गया है. प्रत्येक समूह में एक जैसी आपत्तियां ही शामिल की गईं. आज सभी आठ समूहों के आपत्तिकर्ताओं की आपत्तियों को सुना गया. बैठक में विधायक महेन्द्र हार्डिया, मधु वर्मा और संबंधित विभागों के अधिकारी और आपत्तिकर्ता मौजूद थे.
