जयपुर 25 जुलाई (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में धमेंद्र प्रधान का कार्यकाल एक स्वर्णिम उपलब्धि के रूप में याद किया जायेगा।
श्री शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी जीवन से ही शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित रहे श्री प्रधान ने शिक्षा को सदैव भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव माना। करोड़ों विद्यार्थियों की अपेक्षाओं और बदलती वैश्विक आवश्यकताओं के बीच संतुलन बनाते हुए उन्होंने भारतीय शिक्षा व्यवस्था को एक नयी दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि उनका कार्यकाल देश में कई ऐतिहासिक शैक्षिक सुधारों का साक्षी बना। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी2020) के प्रभावी क्रियान्वयन से लेकर आईआईटी, नीट, जेईई और बीटेक जैसे तकनीकी व प्रतियोगी पाठ्यक्रमों की पढ़ाई और परीक्षाओं को भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराकर उन्होंने भाषाई बाधाओं को समाप्त करने का अभूतपूर्व कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनकी यह निष्ठा, प्रतिबद्धता और दूरदर्शी नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने शिक्षा जगत में उनके इस योगदान के लिए आभार जताया।
