
दतिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में शनिवार को उदगुवा एवं उपराय में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभर से गायब हो रही है और अब हमें मिलकर कांग्रेस को दतिया से भी पूरी तरह गायब करना है। यह चुनाव केवल विधायक चुनने का नहीं, बल्कि दतिया के विकास को नई गति देने और कांग्रेस द्वारा वर्षों तक रोके गए विकास कार्यों का हिसाब चुकता करने का चुनाव है। दतिया का उपचुनाव भारतीय जनता पार्टी की सरकार के विकास और कांग्रेस के झूठ और भ्रम की राजनीति के बीच है। दतिया की जनता भाजपा प्रत्याशी तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर बुंदेलखंड के विकास को और गति दे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मध्यप्रदेश की डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार जनहित की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है और यही उसकी सबसे बड़ी पहचान है। भाजपा सरकार ने एक लाख करोड़ की लागत से केन-बेतवा नदी जोड़कर बुंदेलखंड क्षेत्र में पानी की किल्लत को खत्म किया है। बुंदेलखंड के विकास के लिए केन-बेतवा लिंक परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। एक लाख करोड़ रुपए से अधिक की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से सिंचाई, पेयजल और कृषि क्षेत्र को नया जीवन मिलेगा। दतिया क्षेत्र में बिजली, सिंचाई और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा।
*सड़क, बिजली, पानी, रोजगार उपलब्ध करा रही सरकार*
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार लोगों को सड़क, बिजली, पानी और रोजगार की सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में पुलिस की हजारों भर्तियां निकाली गई हैं, कर्मचारियों के लंबित प्रमोशन किए गए हैं, आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीबों को निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर एयर एंबुलेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कृषि, दुग्ध उत्पादन और रोजगार जैसे सभी क्षेत्रों में सरकार लगातार कार्य कर रही है। कांग्रेस ने केवल झूठे वादे किए और विकास का पहिया रोकने का काम किया। कांग्रेस कभी किसानों, गरीबों और युवाओं के हित में ईमानदारी से काम नहीं कर सकती। कांग्रेस की राजनीति केवल भ्रम फैलाने तक सीमित है, जबकि भाजपा विकास और जनसेवा की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर शिक्षा, स्वास्थय, सिंचाई, रोजगार और आधुनिक आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।
*ये रहे मौजूद*
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश सह-प्रभारी व विधायक सतीश उपाध्याय, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश के मंत्री एदल सिंह कंषाना, तुलसीराम सिलावट, गौतम टेटवाल, दिलीप अहिरवार, नरेन्द्र शिवाजी पटेल, उपचुनाव प्रभारी व सांसद भारत सिंह कुशवाह, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व चुनाव अभियान सह प्रमुख रणवीर सिंह रावत, सांसदगण माया नारोलिया, संध्या राय, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव, पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, पूर्व मंत्री ललिता यादव, जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद अशोक अर्गल उपस्थित रहे।
