भोपाल: भोपाल मेट्रो ने शनिवार से नई रफ्तार पकड़ ली है। अब सुभाषनगर से एम्स के बीच मेट्रो दोनों ट्रैक पर संचालित हो रही है और यात्रियों को पीक ऑवर्स में हर 15 मिनट में ट्रेन मिल रही है। नए सिग्नलिंग सिस्टम के लागू होने के बाद मेट्रो अब रोजाना 50 ट्रिप लगाएगी, जिससे पहले के मुकाबले यात्रा अधिक तेज और सुविधाजनक हो गई है।
हालांकि, दोनों ट्रैक पर संचालन शुरू होने के पहले दिन यात्रियों की संख्या उम्मीद के मुताबिक नहीं दिखी। कई कोचों में सीटें खाली नजर आईं और भीड़ काफी कम रही। पहले जहां यात्रियों को एक ही ट्रैक पर संचालन के कारण करीब 75 मिनट तक इंतजार करना पड़ता था, वहीं अब यह इंतजार घटकर 15 से 30 मिनट रह गया है।
मेट्रो प्रबंधन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, खासकर ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और नियमित यात्रियों के बीच इसका उपयोग बढ़ सकता है। फिलहाल भोपाल मेट्रो की रफ्तार तो बढ़ गई है, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या राजधानी के लोग इस आधुनिक परिवहन व्यवस्था को अपनी पहली पसंद बनाएंगे?
