दतिया: विधानसभा उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को बड़ा राजनीतिक समर्थन मिला है। बसपा के सेवढ़ा से पूर्व प्रत्याशी लाखन सिंह यादव सहित कांग्रेस, बसपा और अन्य दलों के सैकड़ों जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दतिया चुनाव कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नए सदस्यों का भाजपा का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि दतिया की जनता विकास, सम्मान और सुरक्षा चाहती है तथा इन अपेक्षाओं को पूरा करने का सामर्थ्य भारतीय जनता पार्टी के पास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश और देश विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहे हैं।
उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संभाग प्रभारी अभय सिंह यादव, पूर्व मंत्री इमरती देवी, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव, जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद अशोक अर्गल, पूर्व मंडी अध्यक्ष राम यादव और पूर्व जिला अध्यक्ष जगदीश यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा में शामिल होने वालों में बसपा के पूर्व प्रत्याशी लाखन सिंह यादव के अलावा डॉ. अमित यादव, बलवीर यादव, राघवेन्द्र सिंह यादव, सोनू पटैल, उपेन्द्र यादव, जगमोहन रावत, सूर्यकांत यादव, शत्रुघ्न यादव, विवेक बघेल, नरेश कठेरिया, मोहित मावई, मोनू यादव, धर्मेश उचाड़िया जगमोहन दुबे सहित सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
