चितरंगी : जपं चितरंगी अंतर्गत महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग की सभापति सुषमा सिंह ने चितरंगी मुख्यालय स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती छात्रावास का भ्रमण कर छात्राओं से संवाद किया।इस दौरान उन्होंने छात्राओं को उच्च शिक्षा, करियर निर्माण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए विभिन्न विषयों के चयन और उनसे जुड़ी रोजगार संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं से कहा कि अपने लक्ष्य का निर्धारण कर नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने डिजिटल युग में सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं सुरक्षित उपयोग पर बल देते हुए कहा कि इसका उपयोग शिक्षा, ज्ञानवर्धन और व्यक्तित्व विकास के लिए करें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक या गलत गतिविधियों से दूर रहें। भ्रमण के दौरान सुषमा सिंह ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए छात्राओं को पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं को स्वस्थ, अनुशासित एवं फिट जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों ही उज्जवल भविष्य की आधारशिला हैं।
