40 वर्ष पुरानी उत्कृष्ट विद्यालय की जर्जर इमारत बनी खतरा, 700 विद्यार्थियों की सुरक्षा पर मंडरा रहा संकट

जबेरा/दमोह। नगर के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की लगभग 40 वर्ष पुरानी भवन अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। भवन की दीवारों में गहरी दरारें पड़ गई हैं, कई स्थानों पर प्लास्टर उखड़ चुका है और छत भी कमजोर हो गई है। बरसात के मौसम में भवन की स्थिति और अधिक खराब हो रही है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी भवन में प्रतिदिन लगभग 700 छात्र-छात्राएं अध्ययन करने पहुंचते हैं।

जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा विद्यालय भवन का तकनीकी परीक्षण भी किया जा चुका है। जांच के दौरान भवन को असुरक्षित बताया गया है। इसके बावजूद छात्र-छात्राओं की कक्षाएं इसी जर्जर भवन में संचालित हो रही हैं, जिससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।

विद्यालय की बदहाल स्थिति को लेकर अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान भवन की हालत और खराब होती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सका है। उनका कहना है कि किसी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को समय रहते प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

स्थानीय ग्रामवासी मोंटू बाजपेई ने कहा, “यह विद्यालय क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों का भविष्य संवार रहा है, लेकिन आज यही भवन उनके लिए खतरा बन गया है। पीडब्ल्यूडी की जांच में भवन असुरक्षित पाया गया है, फिर भी बच्चों से इसी में पढ़ाई कराई जा रही है। शासन-प्रशासन को तत्काल नए भवन का निर्माण या वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।”स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जर्जर भवन में कक्षाओं का संचालन तत्काल बंद कराया जाए तथा नए विद्यालय भवन के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह लापरवाही भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

Next Post

जयंती गौरव सम्मान समारोह 2026 भव्यता के साथ संपन्न 

Fri Jul 24 , 2026
दमोह। पं चंद्रशेखर आज़ाद स्मृति मंच के तत्वाधान में 23 जुलाई 2026 गुरुवार,संध्या समय 3 बजे से स्थानीय पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम भवन में अजेय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर क्रांतिकारी पंडित चंद्रशेखर आज़ाद की 120 वीं जयंती भव्यता के साथ मनाई गई। जयंती गौरव समारोह में मुख्य अतिथि धर्मेंद्र भावसिंह लोधी […]

You May Like