भोपाल। अमूल के बाद अब मध्यप्रदेश सहकारी दुग्ध संघ की सांची डेयरी ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। सांची ने विभिन्न श्रेणियों के दूध पर 2 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि करने का फैसला लिया है। नई दरें 15 मई से प्रदेशभर में लागू होंगी।
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। गर्मी के मौसम में दूध और दुग्ध उत्पादों की बढ़ती मांग के बीच यह फैसला लिया गया है। डेयरी प्रबंधन का कहना है कि पशु आहार, परिवहन, बिजली और उत्पादन लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया था।
नई दरें लागू होने के बाद सांची के विभिन्न पैकेटों की कीमतों में 2 रुपये तक का इजाफा दिखाई देगा। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के अन्य शहरों में भी बढ़ी हुई कीमतों पर दूध की बिक्री होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले अमूल ने भी देशभर में दूध के दाम बढ़ाने की घोषणा की थी।
