वाशिंगटन, 15 नवंबर (वार्ता) अमेरिका में खसरे के वायरस का लगातार 12 महीने से अधिक समय तक प्रसार जारी रहने के बाद देश ने खसरा उन्मूलन का दर्जा खो दिया है। पैन अमेरिकन हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (पीएएचओ) ने यह फैसला किया है।
वाशिंगटन में तीन दिन तक चली विशेषज्ञों की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। अमेरिका में 2025 की शुरुआत से खसरे के कई प्रकोप सामने आए हैं। इस फैसले की औपचारिक घोषणा 17 नवंबर को होने की उम्मीद है। अमेरिका ने वर्ष 2000 में यह दर्जा हासिल किया था। किसी वायरस का एक ही स्वरूप कम से कम 12 महीने तक लगातार फैलने पर उन्मूलन का दर्जा वापस ले लिया जाता है।
अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के अनुसार, 12 नवंबर तक खसरे के 5,412 मामलों की पुष्टि हुई है, जबकि पूरे वर्ष 2025 में 2,289 मामले दर्ज किए गए थे। यह 1991 के बाद एक साल में संक्रमण के सबसे अधिक मामले हैं। उस वर्ष 9,643 मामले सामने आए थे।
अधिकांश संक्रमण ऐसे लोगों में मिले हैं, जिन्होंने टीका नहीं लगवाया था। विशेषज्ञों के मुताबिक, सामुदायिक प्रतिरक्षा बनाए रखने और संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए टीकाकरण दर 95 प्रतिशत से अधिक होना जरूरी है। किंडरगार्टन के बच्चों में एमएमआर टीकाकरण की दर 2019-20 में 95.2 प्रतिशत से घटकर 2025-26 में 92.4 प्रतिशत रह गई है। इससे करीब 2.8 लाख बच्चे जोखिम में हैं।
पेंसिल्वेनिया सबसे प्रभावित राज्यों में शामिल है। वहां 46 काउंटी में खसरे के 1,542 मामले और सात मौतें दर्ज की गई हैं। इससे पहले पश्चिमी टेक्सास, यूटा-एरिजोना सीमा और दक्षिण कैरोलिना में भी प्रकोप सामने आए थे।
खसरे के बढ़ते मामलों को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की स्वास्थ्य और टीकाकरण नीतियों की आलोचना हो रही है। विशेषज्ञों ने टीकों पर घटते भरोसे, स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर समेत संघीय अधिकारियों की ओर से फैलाए गए भ्रामक दावों और टीकाकरण कार्यक्रमों के बजट में कटौती को इसके लिए जिम्मेदार बताया है।
रॉबर्ट वुड जॉनसन फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं सीईओ और सीडीसी के पूर्व कार्यवाहक निदेशक रिचर्ड बेसर ने कहा, “यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि खसरे की वापसी ऐसे प्रशासन के कार्यकाल में हुई है, जिसने टीकों के बारे में झूठे दावे फैलाने के साथ हमारी स्वास्थ्य प्रणाली को काफी नुकसान पहुंचाया है।”
संक्रामक रोग सोसायटी ने भी चेतावनी दी है कि 2026 में अमेरिका में खसरे से हुई मौतें अस्वीकार्य हैं। संक्रमण के वर्षों बाद कुछ बच्चों में गंभीर तंत्रिका संबंधी जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। सीडीसी के अनुसार, अमेरिका में खसरे से संक्रमित हर पांच में से लगभग एक ऐसे व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ता है, जिसने टीका नहीं लगवाया हो।
उन्मूलन का दर्जा वापस लिया जाना मुख्य रूप से प्रतीकात्मक है, लेकिन यह देश में वायरस के लगातार प्रसार की पुष्टि करता है। कनाडा और ब्रिटेन भी पिछले एक साल में खसरा उन्मूलन का दर्जा खो चुके हैं।
अमेरिका में व्यापक टीकाकरण के कारण 2000 में घरेलू स्तर पर खसरे का प्रसार नियंत्रित कर लिया गया था। विदेश से आने वाले संक्रमणों के कारण कभी-कभार प्रकोप होते थे, लेकिन उच्च टीकाकरण दर के चलते वे आमतौर पर एक साल के भीतर खत्म हो जाते थे।
