
ब्यावरा। नगर की अवधपुरी कॉलोनी में रविवार दोपहर तीसरी मंजिल से गिरने से 8 साल के रिशु की मौत होने का मामला सामने आया है. घटना के समय उसकी मां चार महीने के छोटे बेटे के साथ कमरे में सो रही थी. जबकि उसके पिता बाल कटवाने बाजार गए थे.
इसी दौरान रिशु कमरे की कुंडी खोलकर तीसरी मंजिल पर पहुंच गया और खेलते समय नीचे गिर गया. परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के अनुसार रिशु अपने माता-पिता और चार महीने के छोटे भाई के साथ किराए के मकान में रहता था. पिता जीतू शिवहरे के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 1 बजे वे बाल कटवाने गए थे. पत्नी छोटे बेटे के साथ कमरे में सो रही थी. इसी दौरान रिशु ने कमरे की कुंडी खोली और तीसरी मंजिल पर पहुंच गया.
परिजनों ने बताया कि रिशु की जन्म से ही मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. इसलिए माता-पिता उसे हमेशा निगरानी में रखते थे. घर का काम करते समय या बाहर जाते समय वे कमरे की कुंडी लगा देते थे, ताकि वह अकेले बाहर न जा सके. रिशु के पिता जीतू मूल रूप से शिवपुरी जिले के गिलोदरा गांव के रहने वाले हैं. वे करीब 7 साल से ब्यावरा में किराए के मकान में निवास कर रहे हैं. परिवार तीन-चार महीने पहले ही अवधपुरी कॉलोनी में रहने आया था. घटना के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे. बाद में परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए. सिटी थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि वार्ड 8 में बच्चे की छत से गिरने से मौत होने की जानकारी मिली थी. परिजनों ने थाने में सूचना नहीं दी और पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया है.
