
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुरैना, दमोह, रायसेन, गुना, सागर, विदिशा, अशोकनगर और शिवपुरी जिलों में भारी बारिश से हालात बेहद खराब हो गए हैं। अशोकनगर और शिवपुरी जिले में हालात गंभीर होने पर रक्षा मंत्रालय से मदद मांगी गई है। अशोकनगर में लखनऊ और शिवपुरी में झांसी से सेना की टीम पहुंच चुकी है।
गुना में 24 घंटे में 12.92 इंच बारिश दर्ज की गई है। यहां कलोरा डैम की वेस्ट बीयर 15 फीट तक टूट चुकी है, जिससे पूरा डैम टूटने का खतरा बना हुआ है और आसपास के गांवों में बाढ़ का जोखिम बढ़ गया है।
श्योपुर में सीप नदी उफान पर है। मानपुर के सरकारी अस्पताल में पानी भरने से 12 मरीज फंस गए, जिन्हें एसडीईआरएफ की टीम ने रेस्क्यू किया। बड़ौदा क्षेत्र में कलेक्टर व जनप्रतिनिधि जेसीबी से पहुंच कर राहत कार्य में जुटे। NH-552 की पुलिया टूटने से श्योपुर से दिल्ली, जयपुर, टोंक की ओर यातायात बाधित हो गया है।
नर्मदापुरम के सांकला गांव में नर्मदा नदी के बढ़ते जलस्तर के चलते 7 मकानों में पानी भर गया है। विदिशा में बेतवा नदी उफान पर है और गणेश मंदिरों में पानी भर गया है। भोपाल, नर्मदापुरम और अशोकनगर में लगातार बारिश के कारण स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। शिवपुरी के पचावली गांव में 30 स्कूली बच्चे बस से लौटते वक्त बाढ़ में फंस गए, जिन्हें गांव के सरपंच के घर ठहराया गया है। वहीं संगेश्वर गांव में लोग छतों पर टेंट लगाकर रह रहे हैं।
