इंदौर: पानी की किल्लत और ख़राब बोरिंग के मामले शहर में दिनोंदिन बढ़ते जा रहे हैं. ऐसे मामलों को देखते हुए साफ प्रतीत हो रहा है कि इसमें नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी की लापरवाही सामने आ रही है.पानी की किल्लत और खराब बोरिंग का एक और मामला वार्ड नंबर 85 से सामने आया है. यहां वार्ड फूटी कोठी क्षेत्र में पड़ता है. वार्ड में प्रजापति नगर बसा हुआ है. यह क्षेत्र घनी आबादी के साथ-साथ क्षेत्रफल में भी बड़ा है.
जन समस्याओं को देखने के लिए प्रजापति नगर राम मंदिर के पीछे बालाजी टैंकर वाली गली पहुंचने पर मालूम हुआ कि क्षेत्र में पानी की किल्लत काफी ज्यादा गंभीर हो रही है. जबकि क्षेत्र में नर्मदा लाइन बिछाई गई है फिर भी क्षेत्रवासियों को इस लाइन से नर्मदा का पानी नहीं मिल रहा. नगर निगम द्वारा पानी की सुविधा न देने के बावजूद नगर अधिकारी क्षेत्रवासियों को पानी के बिल हाथों में थमा रही है.
नर्मदा लाइन के अलावा क्षेत्र में बोरिंग भी किया हुआ है लेकिन उसमें नाम मात्र पानी आता है जो क्षेत्रवासियों की पूर्ति नहीं कर. पाता मजबूरन लोगों को चंदन नगर क्षेत्र में बनी पानी की टंकी से पानी लाना पड़ता है. गंभीर समस्याओं के निराकरण के लिए क्षेत्र वासियों ने आवेदन भी दिए शिकायत भी की लेकिन किसी भी अधिकारी ने इसकी सुध नहीं ली.
इनका कहना है
चार-पांच वर्षों पहले कनेक्शन लिया था लेकिन पानी तो आता ही नहीं. ऐसा कनेक्शन लेकर हम करेंगे क्या? झोन वाले कहते हैं कुछ भी हो आपने कनेक्शन लिया है बिल तो भरना पड़ेगा.
– महेश सैनी
पानी के लिए हर रोज क्षेत्रवासी तारा कुंज क्षेत्र या चंदन नगर क्षेत्र की पानी की टंकी से पानी लाते हैं. छः गलियों में एक बोरिंग है. उसमें भी पानी कम आता है.
– आनंद सैनी
कहीं-कहीं नल चल भी जाते हैं तो एकाध बाल्टी पानी आता है. फिर बंद हो जाता है. पांच वर्षों से लोगों को पानी नहीं मिल रहा. क्षेत्र में एक और बोरिंग होना चाहिए.
– देव साहू
