इंदौर: नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव ने मंगलवार दोपहर मुख्यालय स्थित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया. सबसे पहले उन्होंने अपने कार्यालय और कर्मचारियों के कार्यों की जानकारी ली. इसके बाद लेखा शाखा का अवलोकन करते हुए अनावश्यक सामान हटाने और दस्तावेजों के डिजिटलाइजेशन के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि लेखा विभाग के रिकॉर्ड अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इन्हें व्यवस्थित और सुरक्षित रखा जाए.
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कर्मचारियों की जिम्मेदारियां, फाइल मूवमेंट और दस्तावेजों की सुरक्षा प्रक्रिया की जानकारी भी ली. स्थापना विभाग में उन्होंने आवक-जावक और नस्तियों के संधारण की समीक्षा की. साथ ही कॉलोनी सेल में कालोनियों के नियमितीकरण और अवैध से वैध करने की प्रक्रिया को समझा. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त मनोज पाठक, देवधर दरवई सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
