भोपाल: न्यू मार्केट में फुटपाथ पर बढ़ते अतिक्रमण से दुकानदारों और ग्राहकों दोनों की परेशानी बढ़ गई है। दुकानों के सामने लगे ठेले और स्टॉल की वजह से लोगों को चलने तक की जगह नहीं मिल रही है। व्यापारियों का कहना है कि कई ग्राहक भीड़ देखकर बिना खरीदारी किए ही वापस लौट जाते हैं, जिससे उनके कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है।
दुकानदारों का आरोप है कि फुटपाथ पर कई सामान दुकानों की तुलना में कम कीमत पर बेचे जाते हैं, जिससे उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि यह समस्या पिछले करीब 10 साल से बनी हुई है। नगर निगम की टीम कार्रवाई करने आती है, लेकिन उनके जाते ही दोबारा अतिक्रमण हो जाता है और हालात पहले जैसे हो जाते हैं।
कारोबारियों ने नगर निगम से नियमित और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त होंगे, तभी ग्राहकों को सुविधा मिलेगी और न्यू मार्केट का कारोबार फिर से सामान्य हो सकेगा।
