
जबलपुर। सिहोरा थाना अंतर्गत ग्राम महगवां में कपड़े सुखाने के दौरान तार में फैले करंट की चपेट में आने से पूर्व सरपंच ससुर और बहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दोनों को बचाने की कोशिश में बेटा भी बुरी तरह झुलस गया, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, महगवां निवासी कृष्णकुमार दुबे (73) पूर्व सरंपच है। शुक्रवार को उनकी बहू मयूरी दुबे (27) आंगन में लगे लोहे के तार पर गीले कपड़े डाल रही थी। आंगन में पानी भरा हुआ था और जमीन गीली थी। कपड़े फैलाते समय मयूरी का हाथ जैसे ही लोहे के तार पर पड़ा, वह उसमें उतर रहे तेज करंट की चपेट में आ गई और तड़पने लगी। बहू को तड़पता देख ससुर कृष्णकुमार दुबे बिना सोचे-समझे उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन करंट इतना खतरनाक था कि वे भी उसकी चपेट में आ गए। आंगन से आ रही चीख-पुकार और शोर सुनकर कृष्णकुमार का बेटा मुकेश दुबे (35) भी भागकर वहां पहुंचा। मयूरी और अपने पिता को करंट से छटपटाते देख मुकेश ने उन्हें छुड़ाने का प्रयास किया, जिससे वह खुद भी करंट की जद में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। इस दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग कृष्णकुमार दुबे और उनकी बहू मयूरी दुबे की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। आनन-फानन में मुकेश दुबे को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।
