
बैतूल। सरकारी धन के दुरुपयोग का बड़ा मामला सामने आया है। आरटीआई के माध्यम से खुलासा हुआ है कि चिचोली जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत कटकुही की माध्यमिक शाला में वर्ष 2020-21 में बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए आठ लाख रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई थी।
चार साल बीत जाने के बावजूद स्कूल परिसर में दीवार की जगह केवल गड्ढे ही नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तत्कालीन सरपंच और सहायक रोजगार (तत्कालीन प्रभारी सचिव) ने बाउंड्रीवॉल के लिए प्रारंभिक खुदाई तो करवाई, पर काम अधूरा छोड़ दिया। इसके बावजूद कागज़ों में पूरे निर्माण कार्य को पूर्ण दिखाकर पूरी राशि निकाल ली गई।
बताया गया कि फर्जी सामग्री और परिवहन बिलों के आधार पर भुगतान किया गया। आरटीआई कार्यकर्ता द्वारा सूचना न मिलने पर राज्य सूचना आयोग में अपील करने के बाद यह गबन उजागर हुआ।
ग्रामीणों ने जिला पंचायत सीईओ से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। जनपद पंचायत सीईओ प्रतिभा जैन ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित कर प्रतिवेदन जिला पंचायत सीईओ को सौंपा जाएगा।
