बढ़ी भीड़, महिलाओं में खरीददारी को लेकर उत्साह
जबलपुर: कल 10 अक्तूबर को करवा चौथ के पावन पर्व को लेकर बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। पूजा की तैयारियों के लिए महिलाओं ने खरीददारी शुरू कर दी है। जिसके लिए बाजारों में करवे, श्रृंगार का सामान और मिठाइयों की खरीददारी के लिए भीड़ देखने को मिल रही है। मुख्य बाजार बड़े फुहारा, कमानिया गेट, गोहलपुर, अधारताल, गोरखपुर और सदर क्षेत्र में दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। खासतौर पर मिट्टी और स्टील के करवे, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी और पूजा की थालियां सबसे अधिक बिक रही हैं।
करवा और छलनी में बढ़ी वैरायटी डिमांड
स्थानीय दुकानदार ने बताया कि इस बार भी करवा चौथ व्रत को लेकर महिलाओं द्वारा करवा और छलनी में काफी वैरायटी की डिमांड देखने को मिल रहा है। जिसके लिए हमने खास डिजाइन के करवे, छलनी और पूजा की थाली सहित सजावट के आइटम मंगवाए हैं, जो काफी पसंद किए जा रहे हैं।
मेहंदी कलाकारों के स्टॉल भी सजे
करवा चौथ में महिलाओं को हाथों में मेहंदी भी लगाने को लेकर अच्छा खासा उत्साह रहता है। जिसके लिए बाजारों में जगह-जगह मेहंदी लगाने वाले कलाकारों के स्टॉल लगे हैं। खास तौर पर लार्डगंज और गंजीपुरा में महिलाएं लंबी कतारों में खड़ी होकर हाथों पर खूबसूरत डिज़ाइनों की मेहंदी लगवा रही हैं।
