अक्षरा सिंह का नया गाना ‘घिस घिस घिस’ सोशल मीडिया पर धमाल मचा रहा है। अक्षरा ने नंबर 1 ट्रेंड करने पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी ऐसा नहीं सोचा था।
भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह इन दिनों अपने नए गाने ‘घिस घिस घिस’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। इस गाने में उनकी जोड़ी बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार के साथ नजर आ रही है, जिसे दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अक्षरा सिंह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एंटरटेनमेंट कैटेगरी में नंबर 1 ट्रेंड करने लगीं।
अक्षरा सिंह ने अपनी खुशी सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ साझा की। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक्स ट्रेंडिंग का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें उनका नाम नंबर 1 पर दिखाई दे रहा था। इसके साथ उन्होंने लिखा कि मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं ट्रेंड में रहूंगी। अक्षरा की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। फैंस लगातार उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनके बॉलीवुड डेब्यू को लेकर उत्साह जाहिर कर रहे हैं।
बॉलीवुड और भोजपुरी का खास फ्यूजन
‘घिस घिस घिस’ को एक शानदार बॉलीवुड-भोजपुरी फ्यूजन सॉन्ग माना जा रहा है। इस गाने को विक्रम मॉन्ट्रोस और सुप्रिया पाठक ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल अभिनव शेखर ने लिखे हैं। गाने में अक्षरा सिंह और अक्षय कुमार की केमिस्ट्री को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। यह गाना फिल्म वेलकम टू द जंगल का हिस्सा है। फिल्म में अक्षरा सिंह की मौजूदगी को भोजपुरी इंडस्ट्री के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। कई फैंस इसे उनके बॉलीवुड में दमदार कदम के तौर पर देख रहे हैं।
अलग अंदाज में लौट रही वेलकम फ्रेंचाइजी
निर्देशक अहमद खान की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ मशहूर वेलकम फ्रेंचाइजी का तीसरा भाग है। मेकर्स के मुताबिक यह फिल्म अपनी पिछली दोनों फिल्मों से काफी अलग होगी। इस बार कहानी में जंगल, आर्मी और फिल्मी ड्रामा का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म में एक फेक फिल्म की शूटिंग का कॉन्सेप्ट दिखाया जाएगा, जिसमें कॉमेडी और एक्शन दोनों का तड़का होगा। सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त चर्चा है।
फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े सितारे
फिल्म में बॉलीवुड की एक बहुत बड़ी स्टार कास्ट शामिल है। इसमें अक्षय कुमार के साथ-साथ सुनील शेट्टी, संजय दत्त, परेश रावल, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, लारा दत्ता, रवीना टंडन और राजपाल यादव जैसे कई दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि रिलीज के बाद ये दर्शकों को कैसा अनुभव देगी।
