रिमझिम फुहारों के बाद उमस ने छुड़ाए पसीने

जबलपुर। शहर में रविवार को मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिले। सुबह की शुरुआत तीखी धूप और चुभती गर्मी के साथ हुई, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदल ली। दोपहर में आसमान में घने काले बादल छा गए और देखते ही देखते रिमझिम बारिश शुरू हो गई। हालांकि, इस बारिश ने लोगों को राहत देने के बजाय मुश्किलें और बढ़ा दीं। कुछ देर बरसने के बाद पानी तो रुक गया, लेकिन इसके तुरंत बाद हवा थमने से उमस और गर्माहट बढ़ गई जिसने लोगों के पसीने छुड़ा दिए ।उधर मौसम विभाग ने सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से येलो अलर्ट जारी किया है इस दौरान आंधी चलने की चेतावनी दी गई है । 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। इसके साथ ही गरज चमक के साथ बारिश होने की उम्मीद है ।

सुबह सूरज के तेवर कड़े, ढाई बजे छाए बादल

रविवार सुबह से ही सूरज के तेवर कड़े थे, जिससे लोग बेहाल थे। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक हवा का रुख बदला और आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। देखते ही देखते घने बादलों ने सूर्यदेव को पूरी तरह से ढक लिया। इसके तुरंत बाद रिमझिम बारिश शुरू हो गई। बारिश रुकते ही वातावरण में मौजूद नमी और सूखी जमीन पर पानी पडऩे से तीखी भाप उठने लगी। भाप उमस में बदल गई। इसके बाद गर्मी का अहसास इतना बढ़ गया कि लोग पसीने से तर-बतर हो गए। कूलर और पंखे भी इस उमस भरी गर्मी के आगे बेअसर साबित हो रहे थे।

ऐसा रहा तापमान-

रविवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा । न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा । सुबह के वक्त आद्रता 54 और शाम को 44 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिमी हवाएं 5 से 6 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली ।

Next Post

वीर शहीदों की गाथाओं को पाठ्यपुस्तकों मेेंं किया जाएगा शामिल: मंत्री शाह

Sun Jun 7 , 2026
जबलपुर। स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले वीर शंकर शाह और रघुनाथ शाह की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए उनके जीवन और योगदान को पाठ्यपुस्तकों में शामिल किया जाएगा। साथ ही उनके नाम पर जबलपुर में प्रतिवर्ष एक भव्य जनजातीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए 5 […]

You May Like