जबलपुर: जिले में कृषि की उन्नत तकनीकों के उपयोग एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार कृषि अधिकारियों के दल ने गुरूवार को कुंडम विकासखंड में किसानों के खेतों पर पहुंचकर फसलों का जायजा लिया और जैविक खेती अपनाने के किसानों को प्रेरित किया। कृषि अधिकारियों के दल ने ग्राम लखनवारा में कृषक जय हिंद के कोदो प्रदर्शन तथा ग्राम टिकरिया के कृषक मनोज कुमार साहू के अरहर प्रदर्शन प्लॉटों का निरीक्षण किया तथा फसलों की वृद्धि एवं प्रबंधन का प्रत्यक्ष अवलोकन कर किसानों को समय पर फसल प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा उन्नत कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।
साथ ही, विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया। कृषि अधिकारियों ने बीआरसी सेंटर कुरगवां एवं बरखेड़ा का निरीक्षण कर जीवामृत, बीजामृत, दशपर्णी अर्क एवं नीमास्त्र जैसे प्राकृतिक एवं जैविक कृषि आदानों के निर्माण कार्य का अवलोकन किया। अधिकारियों ने किसानों को जानकारी दी कि इन जैविक आदानों के उपयोग से रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अंधाधुंध प्रयोग में कमी आएगी। इससे भूमि की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, जिससे खेती अधिक टिकाऊ, कम लागत वाली और लाभकारी बनेगी।
