
भोपाल। सेंट जॉन्स चर्च, गोविंदपुरा में आज आगमन का पहला रविवार बड़े हर्षोल्लास के साथ क्रिसमस महोत्सव के रूप में मनाया गया। समारोह की शुरुआत कराल गीतों से हुई, जिसमें आया मसीह चरणी में तू, पापियों को बचाने को तथा अन्य भजनों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम के दौरान गीतों के माध्यम से प्रभु यीशु के पृथ्वी पर आगमन, उनके प्रेम, त्याग और संसार को पाप से मुक्ति देने के संदेश को प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर आर्चडीकन रेव. अनिल मार्टिन ने अपने संदेश में कहा कि प्रभु यीशु का आगमन प्रेम, सेवा, आनंद, भाईचारा और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सार्वभौमिक सर्वधर्म समभाव की भावना से प्रेरित होकर समाज में नैतिक आचरण और आध्यात्मिक उन्नति को प्राथमिकता देना ही क्रिसमस का वास्तविक संदेश है।
युवा सचिव अमन मार्टिन (St. John’s Church, Govindpura, Bhopal) ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रभु यीशु का आगमन मानवता को सही राह दिखाने और जनहित को सर्वोपरि रखने का संदेश देता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और क्रिसमस के पवित्र संदेश को हर्ष और श्रद्धा के साथ आत्मसात किया।
