
भिंड। मालनपुर थाना क्षेत्र के घिंरोगी गांव में एक शादी समारोह के दौरान जमकर गोलियां चलीं। यहां ग्वालियर से आए डांसरों के कार्यक्रम के बीच युवकों ने लाइसेंसी हथियारों से करीब 100 राउंड फायर किए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सरपंच पुत्र एवं तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। घिंरोगी के सूरज भान गुर्जर के भतीजे राहुल की शादी में कार्यक्रम रखा गया था। शादी में ग्वालियर से डांसर बुलाए गए थे। जैसे ही डांसरों का प्रदर्शन शुरू हुआ, कुछ युवक हथियार लेकर मंच के पास आ गए और लगातार फायरिंग करने लगे। कार्यक्रम में दस से ज्यादा बंदूकें मौजूद थीं और लगभग सौ राउंड से अधिक गोलियां चलाई गईं। भीड़ भरे कार्यक्रम में इस तरह की फायरिंग से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही, लेकिन किसी ने उन्हें रोकने का प्रयास नहीं किया।
