
रीवा, जिले के मनगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथगंज के समीप बीती शाम हुए सडक़ हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है. घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से चालक सहित फरार हो गया है. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को पीएम के लिए अस्पताल में रख दिया है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरगांव निवासी सुमित विश्वकर्मा ग्राम पनिगवा निवासी रज्जन विश्वकर्मा के साथ बीती शाम तकरीबन 6:30 बजे बाइक से देवतालाब से रघुनाथगंज की ओर जा रहे थे. बताया गया है जैसे ही दोनों बाइक सवार युवक रघुनाथगंज के समीप पहुंचे तभी तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे दोनों युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरे. इस दौरान दोनों युवकों की मौत घटनास्थल पर हो गई. घटना की सूचना तत्काल स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया और अज्ञात वाहन सहित चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
