ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में बदलेगी दर्शन व्यवस्था, अब 10 फीट की दूरी से होंगे स्पष्ट दर्शन

ओंकारेश्वर: श्रावण मास में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट द्वारा ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर की दर्शन व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं। नई व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और कम समय में सुगम दर्शन कराना है। व्यवस्था लागू होने के बाद सामान्य श्रद्धालु लगभग 10 फीट की दूरी से भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के स्पष्ट दर्शन कर सकेंगे।

खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने बताया कि मंदिर के गर्भगृह में स्थित श्री शुकदेव मुनि द्वार के चौड़ीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। कार्य पूरा होने के बाद आगामी तीन दिनों में इस द्वार को सामान्य श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद अधिकांश श्रद्धालुओं का प्रवेश शुकदेव मुनि द्वार से कराया जाएगा। इससे मुख्य प्रवेश द्वार पर भीड़ का दबाव कम होने के साथ दर्शन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित हो सकेगी।

गर्भगृह में प्रवेश नहीं करेंगे श्रद्धालु

नई व्यवस्था के तहत सामान्य श्रद्धालु गर्भगृह में प्रवेश नहीं करेंगे। शुकदेव मुनि द्वार से निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ते हुए श्रद्धालुओं को लगभग 10 फीट की दूरी से भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। प्रशासन का प्रयास है कि भगवान के विग्रह के मूल दर्शन से कोई भी श्रद्धालु वंचित न रहे।

दर्शन के बाद श्रद्धालुओं की निकासी चांदी गेट से कराई जाएगी। प्रवेश और निकास के रास्ते अलग-अलग होने से आमने-सामने की भीड़ और धक्का-मुक्की की संभावना कम होगी। साथ ही दर्शन की गति बढ़ने से कम समय में अधिक श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिल सकेगा।

सावन में रहेगी वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था

श्रावण मास के दौरान ओंकारेश्वर नगर में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी। मंदिर क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रखी जाएगी, ताकि जाम की स्थिति कम बने और श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक पहुंचने में परेशानी न हो।

झूला पुल और जेपी चौक की ओर वाहनों का प्रवेश रहेगा सीमित

नई पार्किंग व्यवस्था के तहत मंदिर के आसपास, विशेष रूप से झूला पुल और जेपी चौक की तरफ वाहनों का प्रवेश बेहद सीमित रखा जाएगा। श्रद्धालुओं को अपने वाहन प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने होंगे। वहां से श्रद्धालु पैदल अथवा उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं के माध्यम से मंदिर तक पहुंच सकेंगे।

कलेक्टर ऋषभ गुप्ता के अनुसार इन बदलावों का मुख्य उद्देश्य दर्शन व्यवस्था को तेज और व्यवस्थित बनाना, भीड़ को नियंत्रित करना, दुर्घटनाओं की संभावना कम करना तथा मंदिर की धार्मिक मर्यादा बनाए रखना है।

श्रावण मास और अधिक भीड़ वाले प्रमुख पर्वों पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए यह व्यवस्था विशेष रूप से लागू की जा रही है, ताकि ओंकारेश्वर पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सुगम तरीके से ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिल सके।

Next Post

जेल से पेशी पर कोर्ट ले जाते समय कैदी फरार

Thu Jul 23 , 2026
ग्वालियर: ग्वालियर सेंट्रल जेल से पेशी पर कोर्ट ले जाते समय कैदी फरार हो गया। थाना बहोडापुर पुलिस ने फरार हुए कैदी की खोजबीन शुरूकर दी है। आसपास के इलाकों में अलर्ट कर दिया गया है। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like