सोनम वांगचुक की हालत स्थिर

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (वार्ता) सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधार अभियानकर्ता सोनम वांगचुक मंगलवार को वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमएमसी) और सफदरजंग अस्पताल में डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रहे। डॉक्टरों ने बताया कि उनके मुख्य स्वास्थ्य मानक स्थिर हैं, लेकिन चेतावनी दी कि अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखने के कारण कई नैदानिक संकेतकों की लगातार निगरानी की जरूरत है।अस्पताल की ओर से जारी नवीनतम स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, श्री वांगचुक का ब्लड शुगर स्तर सामान्य से नीचे बना हुआ है। प्रयोगशाला परीक्षणों में उनका सीरम पोटेशियम स्तर 3.2 एमईक्यू/एल मिला है, जबकि वह लगातार पैनसाइटोपेनिया से पीड़ित हैं।

यह एक ऐसी स्थिति है, जिसमें एनीमिया और सफेद रक्त कोशिकाओं की संख्या में कमी आ जाती है।
डॉक्टरों ने कहा कि इन रिपोर्टों के कारण क्रमिक नैदानिक जांचों से लगातार निगरानी आवश्यक है। बुलेटिन में कहा गया कि श्री वांगचुक को ओआरएस और पोटेशियम की खुराक दी जा रही है, लेकिन बार-बार चिकित्सीय सलाह के बावजूद वह नस के जरिये दिये जाने वाले तरल पदार्थ और ग्लूकोज लेने से मना कर रहे हैं। लद्दाख के इस कार्यकर्ता को उनकी भूख हड़ताल के 21वें दिन 18 जुलाई को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जब डॉक्टरों ने चेतावनी दी थी कि लंबे समय से जारी उपवास से उनके जान को खतरा हो सकता है।

सोमवार को विरोध प्रदर्शन के बाद उन्होंने एलान किया कि वह तब तक आंदोलन जारी रखेंगे, जब तक कि नीट-यूजी पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवा नेताओं को संसद भवन के भीतर सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं मिल जाती या सांसद खुद अस्पताल में उनसे मिलने नहीं आते।
उनकी पत्नी गीतांजलि अंगमो के साझा हस्तलिखित संदेश में श्री वांगचुक ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व वाले आंदोलन में भाग ले रहे छात्रों के साथ एकजुटता व्यक्त की है और संसद की ओर विरोध मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई की आलोचना की है। उन्होंने लिखा, “मैं अपना उपवास जारी रखूँगा (23वाँ दिन)। शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ जिस तरह की बर्बरता की जा रही है, उसे देखते हुए मैंने अपना उपवास तब तक जारी रखने का फैसला किया है, जब तक कि युवा नेताओं को संसद भवन में सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं दी जाती या मुझे अस्पताल में उनसे मिलने नहीं दिया जाता।”

.....

Next Post

नाला में बहे दो युवक, दोनों सुरक्षित

Tue Jul 21 , 2026
मंडला: सोमवार देर रात नाला में बहे दो युवक सुरक्षित हैं। दरअसल मंडला के नैनपुर स्थित बंधा नाला में 5 फिट के ऊपर पानी था, थाना क्षेत्र नैनपुर के बंजारा टोला के दो युवा नाला क्रॉस कर रहे थे, तेज प्रवाह में दोनों बहने लगे, जिसमें प्रभान तो एक झाड़ […]

You May Like