
भोपाल । भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने राधारमण समूह के वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘विहान’ का शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समूह द्वारा आयोजित यह महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं।
साहिल की म्यूजिकल परफॉर्मेंस
आयोजन के पहले दिन का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गायक साहिल सोलंकी की धमाकेदार लाइव परफॉर्मेंस रही। जैसे ही उन्होंने मंच संभाला, पूरा परिसर तालियों और सीटियों से गूंज उठा। साहिल ने एक के बाद एक कई शानदार गीत प्रस्तुत किए, जिसमें ‘दमादम मस्त कलंदर’ और उनके खुद के गाए रीमेक बॉलीवुड सॉन्ग ‘दिल ले गई कुड़ी’ जैसे सुपरहिट गाने शामिल रहे. साहिल के गाने से दर्शक झूम उठे. सैकड़ों छात्र-छात्राएं मोबाइल फ्लैश जलाकर ताल से ताल मिलाते इस मौके पर नज़र आए।
विहान कार्यक्रम के तहत आर्ट्स विला, कल्चरल और टेक्निकल सेगमेंट में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। पहले दिन की शुरुआत में रंगोली, पोस्टर मेकिंग, फेस पेंटिंग, सिंगिंग और लैन गेमिंग जैसी प्रतियोगिताएं हुईं, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। राधारमण समूह के चेयरमैन आर. आर. सक्सेना ने इस अवसर पर कहा, “विहान केवल एक फेस्ट नहीं, बल्कि छात्रों के लिए अपनी प्रतिभा को निखारने का सुनहरा अवसर है। यह देखकर खुशी होती है कि हर साल इसमें छात्रों की भागीदारी बढ़ती जा रही है। साहिल सोलंकी की परफॉर्मेंस ने पहले ही दिन इस आयोजन को यादगार बना दिया है। आने वाले दो दिन और भी रोमांचक होने वाले हैं।
