छतरपुर/बागेश्वर धाम। तकनीक और अध्यात्म के अनूठे संगम के साथ बागेश्वर धाम एक बार फिर इतिहास रचने जा रहा है। सोमवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर, बागेश्वर धाम पीठाधीश पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सान्निध्य में ‘पांचवां ऑनलाइन श्री हनुमान चालीसा हवन’ आयोजित किया जाएगा। रात्रि 9 बजे से शुरू होने वाले इस विशेष अनुष्ठान का उद्देश्य समाज से नकारात्मक ऊर्जा का अंत कर सुख, शांति और समृद्धि का संचार करना है।
बागेश्वर धाम में विद्वान पंडितों के माध्यम से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यह अनुष्ठान संपन्न होगा। पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि सद्गुरु भगवान सन्यासी बाबा की प्रेरणा से यह श्रृंखला शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रार्थना में असीम शक्ति होती है, जो न केवल व्यक्ति बल्कि संपूर्ण समाज को लाभ पहुँचाती है। तकनीक के इस युग में धर्म को जन-जन तक पहुँचाने की यह पहल अध्यात्म के एक नए स्वरूप को दर्शाती है।
ऑनलाइन हवन में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं के लिए धाम द्वारा विशेष विधि बताई गई है, जिसका अनुसरण कर भक्त अपने घरों में ही सुरक्षित रहकर बालाजी की कृपा प्राप्त कर सकते हैं। इस आयोजन को लेकर बागेश्वर भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। महाराज श्री ने संकेत दिए हैं कि आगे भी गुरु आज्ञा अनुसार ऐसे लोक-कल्याणकारी आयोजन निरंतर जारी रहेंगे।
