
टीकमगढ़। जतारा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत मुहारा के गढ पहाड़ी पर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र भर में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इस की सूचना जतारा पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्यवाही करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर विवेचना शुरू कर दी है। अज्ञात व्यक्ति के शव की शिनाख्त करने में पुलिस जुटी हुई है।
उक्त मामले में पुलिस को घटना स्थल से एक व्यक्ति की खोपड़ी और हड्डियां बरामद हुई है। यह शव किसी युवक का बताया जा रहा है। शव लगभग 30 दिन पुराना हो सकता है।घटना स्थल पर एक पेंट काले कलर का एवं एक चोकडिय़ा शर्ट, चप्पल, पीला कलावा मौके पर मिला है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी व्यक्ति को उक्त अज्ञात व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी लगती है तो वह थाना जतारा पुलिस को सूचित करें। ग्रामीणों की सूचना पर थाना प्रभारी जतारा रवि भूषण पाठक पुलिस बल के साथ जांच में जुटे हुए हैं। कपड़ों के आधार पर पुलिस युवक की पहचान और मृत्यु के कारण की तलाश कर रही है।
