
सिंगरौली: जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण लू के प्रकोप को देखते हुए कलेक्टर गौरव बैनल ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार अब जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों (CBSE, ICSE, MPBSE) में कक्षा नर्सरी से 12वीं तक का संचालन सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा।प्रशासन ने यह निर्णय छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया है।
तेज गर्मी और लू के कारण बच्चों के बीमार होने की आशंका बढ़ गई थी, जिसे देखते हुए स्कूल समय में बदलाव किया गया है। वहीं शिक्षकों एवं स्टाफ को दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर आवश्यक शैक्षणिक कार्य संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं।जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा एवं मूल्यांकन कार्य पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही संचालित होंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और 30 अप्रैल 2026 तक प्रभावशील रहेगा।
