ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं से मारपीट पर बड़ा एक्शन, ट्रस्ट सुपरवाइजर समेत 6 कर्मचारी बर्खास्त

खंडवा। ओंकारेश्वर में झूला पुल के पास श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की वायरल घटना के बाद प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा कदम उठाया है। ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के सुपरवाइजर सहित घटना में शामिल 6 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया है।

पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो और प्रारंभिक जांच के आधार पर मंदिर ट्रस्ट के सुपरवाइजर दीपक मालाकार के साथ कर्मचारी अंकित योगी, राहुल चौहान, महेंद्र सिंह चौहान, शुभम राजपूत और उमाशंकर सिसोदिया को सेवा से हटा दिया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में मान्धाता थाना पुलिस द्वारा भी दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

एसडीएम पंकज वर्मा ने कहा कि ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सम्मान और सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अतिरिक्त निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी।

Next Post

रीवा सड़क हादसे के विरोध में जैन समाज का मौन जुलूस,संत सुरक्षा प्रोटोकॉल की मांग

Mon May 25 , 2026
भोपाल। रीवा में आर्यिका संघ के साथ हुई सड़क दुर्घटना को लेकर सकल जैन समाज में भारी आक्रोश देखा गया। घटना के विरोध में भोपाल में समाजजनों ने काली पट्टी बांधकर मौन जुलूस निकाला। चौक धर्मशाला में आयोजित सभा में मुनि संभव सागर महाराज ने कहा कि संत केवल समाज […]

You May Like