होर्मुज खोलने की योजना पर ब्रिटेन सहयोगियों के साथ काम कर रहा हैः कीर सटार्मर

लंदन, 16 मार्च (वार्ता) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने सोमवार को कहा कि ब्रिटेन अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हॉर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की योजना पर काम कर रहा है, लेकिन वह किसी व्यापक युद्ध में शामिल नहीं होगा।

श्री स्टार्मर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ब्रिटेन अमेरिका के साथ-साथ यूरोप और खाड़ी देशों के सहयोगियों के साथ इस क्षेत्र में ब्रिटेन के पास मौजूद ‘माइन-हंटिंग’ ड्रोन के इस्तेमाल की संभावना पर चर्चा कर रहा है। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि ब्रिटेन द्वारा युद्धपोत भेजे जाने की संभावना कम है।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद आई है जिसमें श्री ट्रंप ने मांग की थी कि अमेरिकी सहयोगियों को तेल परिवहन के इस प्रमुख मार्ग को खोलने के लिए अपने युद्धपोत भेजने चाहिए।

श्री ट्रंप ने रविवार को कहा था कि अमेरिका हॉर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने में मदद के लिए सात देशों के साथ बातचीत कर रहा है। उन्होंने खाड़ी के तेल पर निर्भर देशों से इस संकीर्ण लेकिन रणनीतिक समुद्री गलियारे में समुद्री परिवहन की सुरक्षा में सहायता करने का आग्रह किया है।

श्री स्टार्मर ने बताया कि विदेश मंत्री यवेट कूपर पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र के दौरे पर हैं। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने आज सुबह कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाकात की है और जल्द ही युक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से भी मिलेंगे।

श्री स्टार्मर ने यूक्रेन का समर्थन जारी रखने के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “यह महत्वपूर्ण है कि हम यूक्रेन की सहायता पर ध्यान केंद्रित करना जारी रखें।” उन्होंने आगाह किया कि पश्चिम एशिया में युद्ध को ‘पुतिन के लिए अप्रत्याशित लाभ’ नहीं बनने दिया जा सकता।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने कहा कि ब्रिटेन इस जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए एक व्यावहारिक सामूहिक योजना की तलाश कर रहा है, लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि यह कार्य आसान नहीं है।

 

Next Post

इटारसी में दो जगह भड़की आग: पुराने स्कूल परिसर और बस स्टैंड के सामने बिजली की डीपी में लगी आग, मचा हड़कंप

Mon Mar 16 , 2026
इटारसी। सूरजगंज क्षेत्र में सोमवार को बंद पड़े पुराने आर्य कन्या शाला परिसर में आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पा लिया। इसके अलावा, स्थानीय रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित बस स्टैंड के सामने भी बिजली की डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन पैनल) […]

You May Like