ग्वालियर:शहर में पेयजल सप्लाई निर्बाध बनी रहे इसके लिए नगर निगम द्वारा रमोआ बांध पर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है, इस प्लांट के लिए इसी सप्ताह से बाउंड्रीवॉल बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस प्लांट के बन जाने से मुरार क्षेत्र में पेयजल सप्लाई की समस्या समाप्त हो जाएगी। रमोआ बांध से पानी की सप्लाई के लिए नगरनिगम ने जल संसाधन विभाग के साथ अनुबंध कर 21 जनवरी 2025 को 67.12 एमएलडी पानी को आरक्षित किया है।
पानी की सप्लाई के लिए रमोआ बांध को साल में 2 बार हर्सी बांध से भरा जाएगा। नगरनिगम द्वारा रमोआ बांध के पास 45 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जा रहा है। इस प्लांट के लग जाने से मुरार, हुरावली, कलेक्टर के पीछे वाले क्षेत्र आदि में पानी की सप्लाई रमोआ बांध से करने की योजना है। इसके लिए नगर निगम रमोआ बांध के पास वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए बाउंड्रीवॉल करने जा रहा है। इसके साथ ही अलापुर में पानी की टंकी का निर्माण कार्य भी प्रारंभ किया गया है। मुरार के कई क्षेत्रों एवं नवीन वार्डों के 79 गांवों को पेयजल सप्लाई रमोआ बांध से होगी।
इसके लिए नगरनिगम अमृत 2.0 योजना के तहत ग्रामीण एवं मुरार क्षेत्र के कई इलाकों में पानी की लाइन बिछा रहा है। वहीं वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के बन जाने के बाद मुरार एवं ग्रामीण इलाकों में पानी सप्लाई के लिए पाइप को रमोआ बांध से 24 एमसीएम (मिलियन क्यूबिक मीटर) पानी चाहिए, जबकि रमोआ बांध की क्षमता 12 मिलियन क्यूबिक मीटर है। इसके चलते जल संसाधन विभाग ने रमोआ बांध को हर्सी बांध से साल में 2 बार भरने की योजना बनाई है।
