
ग्वालियर। शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे के बाद सामने आ रहे वीडियो और तस्वीरें दर्दनाक दृश्य की गवाही दे रहे हैं। बड़ागांव खुरेरी निवासी सौरभ परिहार का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने भाई गौरव परिहार को बचाने के लिए किए गए संघर्ष की कहानी बयां कर रहा है।
भाई ट्रक के नीचे दबा था। उसे बचाने के लिए सौरभ करीब आठ किलोमीटर तक दौड़ा और 800 रुपये ऑनलाइन देकर हाइड्रा लेकर पहुंचा, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद भाई की जान नहीं बच सकी। इसी तरह
बहन का पैर भी ट्रक के नीचे दबा था
सौरभ के मुताबिक वह अपने भाई गौरव, बहन और भाई के दोस्त के साथ शीतला माता मंदिर में मेले के दौरान दर्शन करने पहुंचा था। भाई का दोस्त गाड़ी में ही रुक गया, जबकि सौरभ अपने भाई और बहन के साथ मंदिर की ओर चला गया। इसी दौरान हादसा हो गया।
सौरभ ने बताया कि हादसे के बाद उसने देखा कि उसकी बहन का पैर ट्रक के टायर के नीचे दबा हुआ था। भाई कहीं दिखाई नहीं दिया। उसे आशंका हुई कि भाई भी ट्रक के नीचे फंसा है। इसके बाद वह मदद जुटाने के लिए दौड़ पड़ा। उस वक्त उसके सामने एक ही लक्ष्य था कि किसी तरह भाई को ट्रक के नीचे से बाहर निकालना।
सौरभ ने बताया कि रास्ते में उसे पुलिसकर्मी मिले। उसने उनसे ट्रक उठाने के लिए क्रेन या हाइड्रा बुलाने की गुहार लगाई। पुलिसकर्मियों ने कुछ ही मिनटों में मदद पहुंचने की बात कही, लेकिन सौरभ इंतजार करने के बजाय मदद की तलाश में आगे बढ़ता रहा।
रास्ते में कुछ लोगों ने उसे लिफ्ट दी, जबकि कई वाहन नहीं रुके। आखिरकार वह विक्ट्री फैक्ट्री पहुंचा और ऑनलाइन 800 रुपये देकर हाइड्रा लेकर घटनास्थल पर पहुंचा। ट्रक को उठवाया भी गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसका भाई जिंदगी की जंग हार चुका था।
सौरभ की आपबीती उस बेबसी को सामने लाती है, जब अपनों की जान बचाने के लिए इंसान हर संभव कोशिश करता है, लेकिन वक्त हाथ से निकल जाता है।
शौर्य और ताऊ की मौत, परिवार के अन्य सदस्य घायल
इस हादसे में 15 वर्षीय शौर्य शर्मा और उसके ताऊ महेश की मौत हो गई। शौर्य अपने परिवार के साथ मेले में आया था। हादसे में उसके परिवार के अन्य सदस्य भी प्रभावित हुए हैं। शौर्य के पिता संजय शर्मा, मां और परिवार के अन्य सदस्यों का ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।
